ओडिशा के संबलपुर जिले से भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े जाने के डर से एक पुलिस दरोगा ने विजिलेंस टीम से बचने के लिए सीधे तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन उसे क्या पता था कि विजिलेंस की टीम पानी में भी उसका पीछा नहीं छोड़ेगी!
रिपोर्टर साहिल राज आगाज टाइम
मामला संबलपुर जिले के महूलपाली पुलिस थाने का है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर की पहचान सुजीत कुमार मोहंता (Sujit Kumar Mohanta) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह थाने में दर्ज एक मामले का जांच अधिकारी था। आरोप है कि मामले को निपटाने के बदले उसने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग में इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया।
बताया जाता है कि 4 नवंबर की शाम दरोगा ने शिकायतकर्ता को थाने के बाहर एक सुनसान जगह पर पैसे लेकर बुलाया। जैसे ही उसने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली और सामने विजिलेंस टीम को देखा, वह वहां से भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया तो उसने बचने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी।
लेकिन विजिलेंस के एक अधिकारी ने भी तालाब में छलांग लगा दी और तैरकर आरोपी दरोगा को पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत की पूरी 10 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली गई।
कमरे की तलाशी में मिले ₹1,55,700!
दरोगा को पकड़ने के बाद विजिलेंस टीम ने उससे जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान थाने के परिसर में बने उसके रेस्ट रूम से अतिरिक्त 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह रिश्वत की रकम के अलावा भी भारी नकदी मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।
इस मामले में संबलपुर विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत केस संख्या 21/2026 दर्ज किया गया है। अब विजिलेंस आरोपी की संपत्ति और बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच कर रही है।
बताया गया है कि आरोपी सुजीत कुमार मोहंता ने वर्ष 2021 में सीधी भर्ती के जरिए ओडिशा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी शुरू की थी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सवाल यह है कि कानून के रखवाले ही अगर रिश्वत के आरोपों में घिरने लगें, तो आम जनता इंसाफ की उम्मीद किससे करेगी?
#OdishaNews #Sambalpur #VigilanceRaid #BriberyCase #PoliceNews