शहडोल जिला अस्पताल में डॉक्टर से हाथापाई का वीडियो वायरल

शहडोल जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर डॉ. नीरज सोनल के साथ मारपीट का मामला सामने आया। तीन युवकों की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
शहडोल जिला अस्पताल में डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, मारपीट का वीडियो वायरल
तीन युवकों की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, ड्यूटी डॉक्टर का कॉलर पकड़कर की गई अभद्रता; स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश
शहडोल। जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक डॉ. नीरज सोनल को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। शहर की चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में तीन युवक डूब गए थे। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद अस्पताल पहुंचे कुछ लोग आक्रोशित हो गए। सिविल सर्जन की ओर से कोतवाली पुलिस को भेजे गए शिकायत पत्र के अनुसार, कुछ लोगों ने डॉक्टर की टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। इस दौरान डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की गई।
कॉलर पकड़कर किया हमला
शिकायत के मुताबिक, कुछ युवकों ने डॉ. नीरज सोनल का कॉलर पकड़कर उन्हें घेर लिया। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद महिला सिविल सर्जन बीच-बचाव करती नजर आईं, जबकि सीएसपी ने हस्तक्षेप कर डॉक्टर को बचाया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में रोष है। स्वास्थ्यकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






