बंडा की घटना के बाद सागर पुलिस की विशेष जनजागरूकता पहल, गांव-गांव पहुंचकर लोगों को कर रही जागरूक

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* । बंडा में शराब सेवन से जुड़ी दुखद घटना के बाद सागर पुलिस ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा आमजन को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया है।
इस अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को शराब सेवन से दूर रहने की सलाह देना ही नहीं, बल्कि समाज में ऐसी सकारात्मक व्यवस्था विकसित करना है, जिससे किसी भी व्यक्ति के साथ शराब के कारण कोई अप्रिय घटना अथवा दुर्घटना घटित न हो। पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में सागर पुलिस द्वारा इस अभियान को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है।
पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नियमित कार्यों, कानून व्यवस्था एवं अन्य व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर रात्रि में ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों में रात्रि भ्रमण एवं प्रवास कर ग्रामीणों के साथ बैठकें और संवाद कर रहे हैं।
गांव के ऐसे समझदार, प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली व्यक्तियों की पहचान की जा रही है, जिनकी बात को ग्रामीण गंभीरता से सुनते हैं और जिनका समाज में सकारात्मक प्रभाव है। ऐसे व्यक्तियों का समूह तैयार कर उन्हें शराब के दुष्परिणामों के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचे।
पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है, जो किसी बीमारी से पीड़ित हैं और इसके बावजूद शराब का सेवन करते हैं। ऐसे व्यक्तियों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर संभावित दुष्प्रभावों तथा उनके साथ दुर्घटना होने की आशंका को देखते हुए पुलिस उनसे व्यक्तिगत रूप से संवाद कर रही है।
उन्हें प्रेमपूर्वक समझाया जा रहा है कि शराब का सेवन उनके स्वास्थ्य, परिवार एवं जीवन के लिए कितना नुकसानदायक हो सकता है। साथ ही ऐसे व्यक्तियों के परिजनों से भी संवाद कर उन्हें समझाइश दी जा रही है कि वे अपने परिवार के सदस्य के प्रति विशेष स्नेह, संवेदनशीलता एवं ध्यान रखें।
उन्हें अकेला न छोड़ें, उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें तथा पारिवारिक सहयोग और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से उन्हें शराब सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। सागर पुलिस इस अभियान में ग्रामीणों, परिवारजनों, सामाजिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों एवं जागरूक नागरिकों को सहभागी बना रही है।
पुलिस का प्रयास है कि शराब सेवन की समस्या को केवल कानून व्यवस्था के दृष्टिकोण से न देखकर एक सामाजिक एवं पारिवारिक चुनौती के रूप में भी समझा जाए और इसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि किसी भी व्यक्ति को शराब के नशे में वाहन न चलाने दें, नशे की स्थिति में अकेले बाहर न जाने दें तथा किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होने अथवा असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तत्काल परिजनों एवं पुलिस को सूचना दें।
आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। शराब का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशियों और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित करता है।
किसी एक व्यक्ति की शराब पीने की आदत पूरे परिवार को परेशानी में डाल सकती है। इसलिए परिवारजन अपने सदस्यों के प्रति संवेदनशील रहें और ग्रामीणजन भी एक-दूसरे की सुरक्षा एवं सहायता के लिए आगे आएं।
सागर पुलिस का यह अभियान इस विश्वास के साथ संचालित किया जा रहा है कि जनजागरूकता, पारिवारिक सहयोग और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से शराब से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सकता है तथा अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। सागर पुलिस – आपका विश्वास, हमारी जिम्मेदारी।शराब…
समस्या से समाधान तक। जनजागरूकता से सुरक्षित जीवन की ओर सागर पुलिस की एक सार्थक पहल।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







