CG- कारोबारी दीपक टंडन और पत्नी बरखा पर दो नई FIR, कार और जमीन के सौदे में 56 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

रायपुर 11 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए हैं। शंकर नगर निवासी कारोबारी आशीष जायसवाल की शिकायत पर पुलिस ने ये FIR दर्ज की हैं। शिकायत में फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार की खरीदी-बिक्री और VIP रोड स्थित जमीन के सौदे में कुल 56 लाख 16 हजार 70 रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
20 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं दी फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार
शिकायत के मुताबिक, पहला मामला फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार की खरीदी-बिक्री से जुड़ा है। आरोप है कि कार बेचने का सौदा तय होने के बाद आशीष जायसवाल से 20 लाख रुपये नकद लिए गए थे। लेकिन रकम लेने के बावजूद न तो उन्हें कार की डिलीवरी दी गई और न ही उनकी रकम वापस की गई।
इस मामले में शिकायतकर्ता ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
VIP रोड की 16,500 वर्गफीट जमीन के सौदे में भी विवाद
धोखाधड़ी का दूसरा मामला VIP रोड स्थित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट की करीब 16,500 वर्गफीट जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, इस जमीन का सौदा आशीष जायसवाल के साथ तय किया गया था। इसके लिए उन्होंने एडवांस के तौर पर कुल 36 लाख 16 रुपये 70 पैसे दिए थे।
आरोप है कि रकम देने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह दीपक टंडन के स्वामित्व में ही नहीं है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब आशीष जायसवाल ने कार और जमीन के सौदे में दी गई रकम वापस मांगी तो उनके साथ गाली-गलौच की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
दोनों मामलों को मिलाकर शिकायतकर्ता ने कुल 56 लाख 16 हजार 70 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज की दो FIR, जांच शुरू
शंकर नगर निवासी आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस अब कार के सौदे, जमीन के दस्तावेजों, भुगतान से जुड़े साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है।
दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







