सोनभद्र में CSC ID के दुरुपयोग से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र में CSC ID के दुरुपयोग से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पाण्डेय निवासी मिर्जापुर और अभय कुमार गौंड निवासी वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निष्क्रिय (Inactive) CSC ID को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर जनसेवा केंद्र संचालकों से उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित CSC ID साइबर अपराधियों को सौंप दी जाती थी, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।
इतना ही नहीं, गिरोह द्वारा दूसरे लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी CSC ID भी तैयार कराई जाती थी। फर्जी सत्यापन के जरिए इन आईडी को सक्रिय कराया जाता और फिर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल किया जाता था। जांच के दौरान कई जनसेवा केंद्रों की CSC ID के साइबर अपराध में दुरुपयोग की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में पीड़ित विशाल पटेल के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी CSC ID बनाई गई थी। इस फर्जी आईडी के जरिए हुए साइबर अपराध के चलते गुजरात पुलिस ने विशाल पटेल को गिरफ्तार भी कर लिया था। इसी तरह छात्र सुशील कुमार के नाम पर भी CSC ID तैयार कर उसका दुरुपयोग किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा रमेश कुमार गुर्जर और सविता प्रजापति के जनसेवा केंद्रों की CSC ID के दुरुपयोग का मामला भी जांच में सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच के दौरान दोनों अभियुक्तों की संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी में इस्तेमाल की गई CSC ID के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई से CSC ID के नाम पर चल रहे साइबर अपराध के एक संगठित तरीके का खुलासा हुआ है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







