अवैध सूदखोरी भयादोहन और जबरन वसूली के मामले में महासमुंद (थाना बसना) पुलिस की रायपुर में बड़ी कार्रवाई l आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के डॉल्फिन प्लाजा मोवा रायपुर स्थित घर में पुलिस

जिला रिपोर्टर हेमन्त तांडी
🟥 कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला महासमुन्द
🟥 दिनांक 13.11.2026
⚫ अवैध सूदखोरी, भयादोहन और जबरन वसूली के मामले में महासमुन्द (थाना बसना) पुलिस की रायपुर में बड़ी कार्यवाही।
⚫ आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के डॉल्फिन प्लाजा, मोवा (रायपुर) स्थित घर में पुलिस की दबिश।
⚫ तलाशी में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा हस्ताक्षर किए हुए 160 ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप तथा 09 ऋण पुस्तिका/जमीन के कागजात बरामद।
⚫ 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 17 बैंक पासबुक, ब्याज के लेन-देन का हिसाब लिखी 02 डायरियां, 02 नोट कॉपियां एवं ₹1,20,000/- (एक लाख बीस हजार रुपये) नकद जप्त।
⚫ थाना बसना में बी.एन.एस. की धारा 308(2), 296, 351(2) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध।
⚫ आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में किया जा रहा है पेश।
जिला पुलिस महासमुन्द द्वारा अवैध सूदखोरी, गरीब व असहाय नागरिकों का भयादोहन एवं अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में, कार्यालय पुलिस अधीक्षक महासमुन्द को प्राप्त शिकायत आवेदन की जांच पर पीड़ित विनोद चौहान (निवासी ग्राम बंसुलाडीपा, थाना बसना) के मामले में आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026, धारा 308(2), 296, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (B.N.S.), 2023 एवं धारा 4 छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम, 1937 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जांच एवं विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि पीड़ित विनोद चौहान ने अपनी गाड़ी बनवाने की मजबूरी में आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से ₹42,000/- उधार लेकर अपने छोटे भाई पिताम्बर चौहान के बैंक खाते में डलवाए थे। उधार देते समय आरोपी ने औपचारिकता का बहाना बनाकर दोनों भाइयों के हस्ताक्षरित खाली बैंक चेक, पासबुक एवं आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रखवा लीं। इसके पश्चात आरोपी ने घर पर आदमी भेजकर व फोन पर डरा-धमकाकर छोटे भाई के फोन-पे से आठ माह में ₹40,000/- तथा घर के बर्तन व सोना-चांदी बिकवाकर ₹25,000/- नकद सहित मूलधन से अधिक राशि अवैध रूप से वसूल ली। संपूर्ण रकम अदा करने के बावजूद आरोपी ने चेक वापस नहीं लौटाए, बल्कि पीड़ित के घर घुसकर उसकी कैंसर पीड़ित माताजी के सामने अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और चेकों में मनमानी राशि भरकर विभिन्न न्यायालयों में प्रकरण लगाकर बर्बाद करने का भय दिखाते हुए भयादोहन किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के क्रम में आज दिनांक 13.11.2026 को थाना बसना पुलिस टीम द्वारा आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के डॉल्फिन प्लाजा (फ्लैट क्रमांक A-302), मोवा, रायपुर स्थित निवास में दबिश देकर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से पीड़ित व उसके भाई सहित विभिन्न गरीब ऋणियों एवं व्यक्तियों के सैकड़ों हस्ताक्षरित खाली चेक, स्टांप पेपर, जमीन के कागजात, बैंक पासबुकें, एटीएम कार्ड, सूदखोरी के हिसाब की डायरियां एवं नकदी बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है।
प्रकरण में अपराध सबूत पाए जाने से आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को दिनांक 13.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। जप्तशुदा दस्तावेजों एवं बैंक खातों के संबंध में थाना बसना पुलिस द्वारा अग्रिम विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम व पता –
01- कुलदीप सिंह छाबड़ा पिता स्व. गुरुदयाल सिंह छाबड़ा, उम्र 53 वर्ष, निवासी फ्लैट क्रमांक A-302, डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, थाना पंडरी (मोवा), जिला रायपुर (छ.ग.), स्थायी पता – वार्ड क्रमांक 10, बसना, थाना बसना, जिला महासमुन्द (छ.ग.)।
आरोपी के कब्जे से जप्त/बरामद सामग्री का विवरण –
01- विभिन्न व्यक्तियों के द्वारा हस्ताक्षर किए हुए ब्लैंक चेक – 160 नग
02- विभिन्न व्यक्तियों की ऋण पुस्तिका / जमीन के कागजात – 09 नग
03- विभिन्न व्यक्तियों के हस्ताक्षर किए हुए ब्लैंक स्टांप – 48 नग
04- एटीएम / डेबिट / क्रेडिट कार्ड – 27 नग
05- बैंक पासबुक – 24 नग
06- ब्याज पर रकम लेन-देन का हिसाब लिखी हुई डायरियां – 02 नग
07- नोट कॉपियां – 02 नग
08- नकद रकम – ₹1,20,000/- (एक लाख बीस हजार रुपये)
09- मोबाइल फ़ोन
10- नकदी जाम बैक पर्ची
जिला रिपोर्टर हेमन्त तांडी
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






