डोडियाना ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच कबू देवी ने किया विधिवत पदभार ग्रहण, उमड़ा जनसैलाब

डोडियाना। ग्राम पंचायत डोडियाना, पंचायत समिति भैरुंदा की नवनिर्वाचित सरपंच कबू देवी गटियाला ने सोमवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों तथा आसपास के गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं सरपंचों ने भाग लेकर नवनिर्वाचित सरपंच को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार कब्बू देवी ने ग्राम पंचायत का पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर उपसरपंच बिरम गुर्जर, ग्राम विकास अधिकारी ईश्वर दत्त शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण गटियाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं आसपास के गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
समारोह में बाहर से पधारे अतिथियों ने नवनिर्वाचित सरपंच कब्बू देवी एवं सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण गटियाला का भव्य स्वागत किया। वहीं घिटियाला परिवार की ओर से सभी अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
36 कौम की जनता का जताया आभार
समारोह के दौरान संवाददाता से बातचीत करते हुए सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण गटियाला ने ग्राम पंचायत डोडियाना की 36 कौम की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे सभी के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता से किए गए वादों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत डोडियाना के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया जाएगा। गांव में विकास की नई गंगा बहाने, मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
समारोह में उमड़ी भारी भीड़ और ग्रामीणों के उत्साह ने नवनिर्वाचित सरपंच के प्रति जनता के विश्वास एवं क्षेत्र में सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







