खेत में धान की फसल खड़ी, फिर भी बेच दिया 0.48 हेक्टेयर का धान! सांकरा उपार्जन केंद्र में फर्जीवाड़े की शिकायत

खेत में धान की फसल खड़ी, फिर भी बेच दिया 0.48 हेक्टेयर का धान! सांकरा उपार्जन केंद्र में फर्जीवाड़े की शिकायत
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से की जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग, समिति प्रबंधन की भूमिका पर भी उठाए सवाल
मिथलेश पटेल
धमतरी। धान खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्रों में अनियमितता की शिकायतें सामने आने लगी हैं। सांकरा उपार्जन केंद्र में खेत में धान की फसल खड़ी होने के बावजूद संबंधित किसान द्वारा टोकन कटवाकर धान बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम सांकरा निवासी प्रेमनारायण सिन्हा ने कलेक्टर धमतरी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, तरुण सिन्हा पिता मोहनलाल सिन्हा, निवासी सांकरा के नाम पर ग्राम हिन्छापुर स्थित खसरा नंबर 124 में 0.48 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि पर धान की फसल खड़ी होने और कटाई नहीं होने के बावजूद 15 नवंबर 2026 को टोकन कटवाकर सांकरा उपार्जन केंद्र में धान का विक्रय किया गया।
शिकायतकर्ता का दावा है कि संबंधित खेत में आज भी धान की फसल खड़ी है। ऐसे में सवाल उठाया गया है कि जब खेत में फसल की कटाई ही नहीं हुई तो उपार्जन केंद्र में धान कहां से लाया गया? क्या दूसरे स्थान से धान लाकर संबंधित किसान के पंजीयन पर विक्रय किया गया है?
शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि 15 नवंबर को ही उनके द्वारा समिति प्रबंधक एवं समिति के अन्य जिम्मेदार लोगों को लिखित और मौखिक रूप से इसकी जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद धान खरीदी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के साथ डीसीएस पोर्टल से किसान की जानकारी तथा खेत में खड़ी धान की फसल के जीपीएस लोकेशन आधारित रंगीन फोटो भी संलग्न किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित किसान और इस मामले में संलिप्त अन्य जिम्मेदारों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नगरी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और खेत में खड़ी फसल तथा उपार्जन केंद्र में हुए धान विक्रय के दावों का भौतिक सत्यापन कर क्या कार्रवाई करता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







