#वैर: खेत में अचानक आसमान से गिरी बर्फ की सिल्ली, गांव में मचा कौतूहल; देखने के लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़,
भरतपुर जिले के वैर उपखंड क्षेत्र के गांव नगला खरबेरा में मंगलवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां सुबह करीब 8 बजे खेतों में अचानक आसमान से बर्फ की एक सिल्ली गिरने की सूचना से ग्रामीणों में हलचल मच गई। खेतों में बर्फ की सिल्ली पड़ी होने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई इस घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे आसमान से गिरी बर्फ बता रहा है तो कोई इसके पीछे किसी अन्य कारण की संभावना जता रहा है। अचानक हुई इस घटना ने ग्रामीणों को हैरानी में डाल दिया।
घटना वैर उपखंड की ग्राम पंचायत चक धरसोनी के नगला खरबेरा गांव की बताई जा रही है। हालांकि, बर्फ की सिल्ली कहां से आई और खेत में गिरने का वास्तविक कारण क्या है, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीण इसके पीछे की वजह जानने को उत्सुक हैं।