श्री बंशीधर नगर में नकाबपोशों का आतंक, आधी रात घरों के दरवाजे खटखटाने से दहशत में ग्रामीण

संवाददाता अखिलेश कुमार विश्वकर्मा श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के हिलिवंता एवं बिलासपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं और संदिग्ध नकाबपोशों की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। बीते दिनों कई घरों में चोरी की घटनाओं के बाद अब आधी रात को संदिग्ध लोगों के घूमने और घरों के दरवाजे खटखटाने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति ऐसी है कि लोग रातभर जागकर अपने घरों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे सुलसुलिया गांव में सुमंत चौबे के घर के आसपास चार-पांच नकाबपोश संदिग्ध लोगों को घूमते देखा गया। ग्रामीणों की आहट मिलते ही सभी संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। इसके बाद गांव में लोगों की सतर्कता और बढ़ गई।
इसी क्रम में राकेश चौबे उर्फ बबलू चौबे के घर के दरवाजे पर भी देर रात संदिग्धों द्वारा दस्तक देने की बात सामने आई है। आवाज सुनकर घर के लोग सतर्क हुए और आसपास के ग्रामीण भी जुटने लगे। लोगों की सक्रियता देखकर संदिग्ध वहां से फरार हो गए।
लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। 10 नवंबर की रात सुलसुलिया गांव में रामदेव चौबे के घर चोरी हुई थी। इसके बाद 14 नवंबर की रात सुलसुलिया में विजय चौबे तथा सोनपुरा गांव में अनिल राम और श्याम नारायण राम के घरों को चोरों ने निशाना बनाया।
वहीं, 15 नवंबर की रात सुलसुलिया गांव में अनिल राम, सुरेंद्र पासवान और महेंद्र यादव के घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आईं। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
पुलिस जांच के बावजूद ग्रामीणों में चिंता
14 नवंबर को हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और तकनीकी सेल की सहायता से जांच-पड़ताल की थी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अब तक चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनकी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीण अब खुद ही रात में पहरा देने को मजबूर हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन जल्द ठोस कार्रवाई कर चोरों पर लगाम लगाएगा और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बहाल होगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





