**आगर-मालवा, 26 नवंबर।** देश की आगामी जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण में इस बार स्व-गणना और डिजिटल तकनीक की अहम भूमिका रहेगी। नागरिक 10 जनवरी 2027 से स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जबकि 25 जनवरी 2027 से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य शुरू करेंगे।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर बुधवार को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें आगर-मालवा के कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. शेर सिंह मीना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
*मोबाइल ऐप और डिजिटल पोर्टल से होगी निगरानी*
सम्मेलन में भारत के महापंजीयक, मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव गृह ने जनगणना के द्वितीय चरण की कार्ययोजना और क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रश्नावली, प्रगणकों की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और डिजिटल संसाधनों के उपयोग की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस बार जनगणना कार्य को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए मोबाइल ऐप, स्व-गणना पोर्टल, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) तथा गणना खंड निर्माण पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इनके माध्यम से गणना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
*कानून से लेकर सवालों तक दी गई जानकारी*
प्रशिक्षण सम्मेलन में जनगणना अधिनियम एवं नियमों के महत्वपूर्ण प्रावधानों, शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा जनगणना में शामिल किए जाने वाले व्यक्तियों से पूछे जाने वाले प्रश्नों की जानकारी दी गई। साथ ही आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर विशेष चर्चा हुई।
*त्रुटिरहित गणना के लिए प्रशासन ने कसी कमर*
प्रशिक्षण सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके लिए अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने और तकनीकी व्यवस्थाओं का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना अधिकारी डॉ. पी.एस. मालवीय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।