पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का मड़हा गांव में भव्य आगमन, फूल-मालाओं से हुआ जोरदार स्वागत

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का मड़हा गांव में भव्य आगमन, फूल-मालाओं से हुआ जोरदार स्वागत
बेलघाट की धरती पर पहली बार पहुंचे पूर्व सांसद, शशांक शाही की बहन साक्षी शाही के मेहंदी समारोह में हुए शामिल, 2 दिसंबर को विवाह
बेलघाट, गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम मड़हा में रविवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का भव्य आगमन हुआ।
वह गांव निवासी मनोज शाही के पुत्र शशांक शाही के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शशांक शाही की बहन साक्षी शाही के विवाह पूर्व आयोजित मेहंदी समारोह में सहभागिता कर परिवार को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
साक्षी शाही का विवाह आगामी 2 दिसंबर को संपन्न होना निर्धारित है। बेलघाट क्षेत्र में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का यह पहला आगमन होने के कारण स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, क्षेत्रीय लोगों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर शशांक शाही ने बताया कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से उनका पिछले लगभग चार-पांच वर्षों से आत्मीय संबंध रहा है। दोनों के बीच पारिवारिक स्नेह एवं आपसी जुड़ाव है।
इसी आत्मीयता के चलते उन्होंने अपने परिवार के मांगलिक समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे स्वीकार करते हुए पूर्व सांसद मड़हा गांव पहुंचे और परिवार की खुशियों में शामिल हुए। उनके आगमन से परिवार के सदस्यों सहित क्षेत्रीय लोगों में भी खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं समर्थक मौजूद रहे। लोगों की भारी उपस्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा।
बेलघाट थाना प्रभारी अजय कुमार पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पुलिस की मुस्तैदी एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बेलघाट क्षेत्र में प्रथम आगमन और शादी के मांगलिक समारोह में उनकी सहभागिता पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






