
शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने के लिए बीएलओ को किया सम्मानित
झारखंड के उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री देवदास दत्ता ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आज झरिया विधानसभा का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विशेष गहन पुनरीक्षण में खराब प्रदर्शन करने वाले मतदान केन्द्रों में गणना प्रपत्र के वितरण, संचयन एवं डीजीटाईजेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, वोलेंटियर्स तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
झरिया विधानसभा के दौरे के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने भागा चौक के कई घरों के मतदाताओं से गणना प्रपत्र वितरण, संचयन एवं डीजीटाईजेशन से संबंधित वार्तालाप किया।
तत्पश्चात उन्होंने झरिया अंचल कार्यालय में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के कार्यों का तथा कार्यालय में डीजीटाईजेशन के लिए जिला से प्रतिनियुक्त 12 कनीय अभियंताओं द्वारा किये जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटाइजेशन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) में बेहतर कार्य करने वाली मतदान केन्द्र संख्या 136 एवं 74 की बीएलओ के कार्यों की प्रशंसा की। वहीं शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने के लिए बूथ संख्या 136 की बीएलओ श्रीमती आरती कुमारी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने श्रीमती आरती कुमारी को नजदीकी मतदान केन्द्र संख्या 123 की बीएलओ को मदद कर एसआइआर कार्य पूर्ण कराने को कहा।
झारखंड के उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री देवदास दत्ता के साथ एडीएम (लॉ एंड आर्डर) श्री अरविंद कुमार ओझा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, तीनों एईआरओ श्री मनोज कुमार, श्री नारायण राम एवं श्री मुरारी नायक उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि टुंडी विधानसभा (बाघमारा क्षेत्र) के बूथ नंबर 292 की बीएलओ श्रीमती कुंती देवी, बाघमारा विधानसभा अंतर्गत बूथ नंबर 293 की बीएलओ श्रीमती आशा देवी, बूथ नंबर 343 की बीएलओ लतिका देवी, टुंडी विधानसभा (बाघमारा प्रखंड) के बूथ नंबर 298 की बीएलओ श्रीमती दमयंती देवी ने 100% डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर लिया है।
शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने वाली सभी बीएलओ की जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने प्रशंसा की है। वहीं संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर बीएलओ को सम्मानित किया है।










