नो एंट्री की धज्जियां उड़ाते हुए डकरा बाजार में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, बोलेरो और कार को मारी टक्कर।।

नो एंट्री की धज्जियां उड़ाते हुए डकरा बाजार में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, बोलेरो और कार को मारी टक्कर।।
"बाल-बाल बचे लोग, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; ट्रक समेत चालक फरार"
"बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद लगातार बाजार में पहुंच रहे भारी वाहन, प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल"
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। डकरा बाजार में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नो एंट्री के बावजूद एक तेज रफ्तार ट्रक बाजार क्षेत्र में घुस आया। अनियंत्रित गति से दौड़ रहे ट्रक ने बाजार में खड़ी एक बोलेरो और एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति ट्रक की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक काफी तेज गति से बाजार की ओर आया। बाजार में उस समय लोगों की काफी भीड़ थी। ट्रक को तेज रफ्तार में आता देख कई लोग समय रहते सड़क से हट गए। इसके बाद ट्रक ने वहां खड़ी बोलेरो और कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।
'प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश"
बताते चलें कि डकरा बाजार क्षेत्र में बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। बाजार में ‘नो एंट्री’ व्यवस्था लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों के पालन को लेकर प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण भारी वाहन चालक धड़ल्ले से बाजार क्षेत्र में प्रवेश करते हैं।
डकरा बाजार क्षेत्र में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। दुकानदारों के साथ बड़ी संख्या में ग्राहक और राहगीर भी बाजार में मौजूद रहते हैं। ऐसे में भारी वाहनों का तेज गति से बाजार में प्रवेश करना कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। बुधवार की घटना ने एक बार फिर बाजार में यातायात व्यवस्था और नो एंट्री नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
"बड़ा हादसा टलने से लोगों ने ली राहत की सांस"
ट्रक की रफ्तार और बाजार में मौजूद भीड़ को देखते हुए लोग हादसे के बाद सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि लोग समय रहते सड़क से नहीं हटते तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। बोलेरो और कार को टक्कर मारने के बाद चालक का ट्रक समेत फरार हो जाना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डकरा बाजार में नो एंट्री व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू कराया जाए। बाजार में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर सख्ती की जाए तथा तेज रफ्तार वाहनों पर भी कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले से ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि बाजार में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
"कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा"
स्थानीय लोगों के अनुसार, डकरा बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश का मामला कोई नया नहीं है। प्रतिबंध के बावजूद समय-समय पर बड़े वाहन बाजार क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। बाजार में भीड़भाड़ के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश आम लोगों के लिए खतरा बन जाता है। लोगों ने प्रशासन से नो एंट्री वाले स्थानों पर प्रभावी बैरिकेडिंग, नियमित निगरानी और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार की घटना में किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि यदि समय रहते भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





