“पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ अभियान 2026” के तहत वृक्ष मित्र एवं सर्वजातीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रतिभाओं का सम्मान, अतिथियों ने दिया “हर व्यक्ति लगाए एक पे

“पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ अभियान 2026” के तहत वृक्ष मित्र एवं सर्वजातीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रतिभाओं का सम्मान, अतिथियों ने दिया “हर व्यक्ति लगाए एक पेड़” का संदेश
जयपुर| जमवारामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के चावंडिया में रविवार को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्री लक्ष्मीनारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानडियावाला (LMNT-KW), टीम सुमन मीणा (TSM), जमवारामगढ़, श्याम सेवा समिति एवं ग्रामवासियों चावंडिया, दीपपुरा एवं रामपुरा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ अभियान 2026” के अंतर्गत “वृक्ष मित्र एवं सर्वजातीय प्रतिभा सम्मान समारोह” आयोजित किया गया।
कार्यक्रम ग्राम पंचायत चावंडिया, तहसील आंधी, जिला जयपुर में पानी की टंकी के पास स्थित श्याम सेवा समिति परिसर में आयोजित हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समारोह में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाले वृक्ष मित्र एवं पर्यावरण प्रेमी व्यक्तियों व संस्थाओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के खिलाड़ियों, वर्ष 2026 में आईआईटी, नीट एवं क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से राजकीय सेवा में चयनित युवाओं तथा कक्षा 10वीं, 12वीं एवं उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा का संदेश
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और पर्यावरण सुरक्षित करने का संकल्प है। अतिथियों ने ग्रामीणों और युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
ट्रस्ट अध्यक्ष सुमन मीणा ने कहा कि “पेड़ लगाना आज की सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि हम अपने बच्चों के लिए स्वच्छ हवा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य चाहते हैं तो प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने का संकल्प करना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।”
डॉ. हर सहाय मीणा आईएएस ने युवाओं और विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी तीनों को साथ लेकर चला जाए। आज सम्मानित की गई प्रतिभाएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनें और युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझे।”
श्री केसर लाल मीणा आईएएस ने कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं। विकास के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। प्रत्येक परिवार यदि नियमित रूप से पौधारोपण करे और उसकी देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में इसका सकारात्मक परिणाम पूरे क्षेत्र को मिलेगा।”
श्री सुरेश चंद मीणा ने कहा कि “प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को जन्म देता है। इसी प्रकार वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी विरासत है। युवाओं को शिक्षा और पर्यावरण दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहिए।”
श्री बत्ती लाल मीणा आरएएस ने कहा कि “सरकार के प्रयास तभी सफल होते हैं जब समाज स्वयं उनमें भागीदार बने। पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए, उसकी सुरक्षा करे और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे।”
सम्मान समारोह ने बढ़ाया विद्यार्थियों एवं युवाओं का उत्साह
इसके अतिरिक्त आर ए एस अधिकारी रतनलाल अटल ने
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए समाज की ओर से प्रोत्साहन देना है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा ग्रामीण क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित मुकेश झाखड़ निदेशक सक्षम क्लासेज ने विशेष रूप से युवाओं को संदेश दिया कि वे शिक्षा एवं रोजगार के साथ-साथ समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
सर्वसमाज की सहभागिता बनी कार्यक्रम की विशेषता
आयोजक रंगलाल चावंडिया ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन सर्वजातीय एवं सर्वसमाज की सहभागिता के साथ किया गया, जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी मजबूत हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने “पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ”, “पेड़ लगाओ–धरती बचाओ” और “पेड़ लगाओ–पर्यावरण बचाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि “पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ अभियान 2026” को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसके माध्यम से लगातार लोगों को पौधारोपण, पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







