गया के समग्र विकास को मिली नई गति, गांधी मैदान पुनर्विकास सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ l

प्रेस विज्ञप्ति
गया, दिनांक – 13 जुलाई 2026
गया के समग्र विकास को मिली नई गति, गांधी मैदान पार्क पुनर्विकास सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ
अध्यक्ष, बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार आज गया जी स्थित गांधी मैदान पार्क के ₹4.31 करोड़ की लागत से संपन्न पुनर्विकास कार्य के उद्घाटन समारोह में बिहार के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह एवं प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास गया शहर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना के अंतर्गत पार्क में आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है,वॉकिंग पथ, गज़ीबो, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण शामिल है। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षक वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गया को एक स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक धार्मिक-पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में गया जिले में कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का भी शुभारंभ एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें वैष्णो माता मंदिर के एलईडी एवं लाइटिंग कार्य पर लगभग ₹47.44 लाख, फतेहपुर स्थित सूर्यकुंड तालाब एवं शिव मंदिर के विकास कार्य पर लगभग ₹1.29 करोड़ तथा बोधगया में विश्वस्तरीय ध्यान एवं अनुभव केंद्र के निर्माण पर लगभग ₹165.44 करोड़ की लागत से कार्य कराया जा रहा है। ध्यान एवं अनुभव केंद्र में मेडिटेशन सेंटर, पार्किंग, लिफ्ट, कैफेटेरिया, प्रदर्शनी, सूचना प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जाएंगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गया एवं बोधगया की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से आधारभूत संरचनाओं का तीव्र गति से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से गया जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, व्यापार को गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने नागरिकों से इन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




