A2Z सभी खबर सभी जिले की
विद्युत पोलों से सुरक्षा को लेकर वार्ड 9 की पार्षद ने विधायक को सोपा ज्ञापन|
01 Aug 2026, 05:21 PM • Vande Bharat Live TV News

जावरा— नगर में लगातार विद्युत पोलों से हो रही दुर्घटनाओं और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 09 की पार्षद श्रीमती जानीबाई धाकड़ के पुत्र तथा पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर के कई क्षेत्रों में पुराने एवं जर्जर विद्युत पोल आज भी लगे हुए हैं। कई स्थानों पर नए पोल लगाए जाने के बाद भी पुराने पोल नहीं हटाए गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। कई विद्युत पोलों में करंट प्रवाहित होने की शिकायतें सामने आई हैं, जो आम नागरिकों, बच्चों एवं मवेशियों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं।
हाल के दिनों में नगर में करंट लगने से गौवंश की मृत्यु, एक बछड़े की मौत तथा मामू शाह दरगाह गेट के पास 14 वर्षीय बालक के गंभीर रूप से घायल होने जैसी घटनाएँ पूरे शहर के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसी घटनाएँ भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि नगर के सभी विद्युत पोलों का तकनीकी निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए, जर्जर एवं खतरनाक पोलों को तत्काल हटाया जाए, खुले तारों एवं ढीले विद्युत कनेक्शनों को सुरक्षित किया जाए तथा नगर की सभी कॉलोनियों में मीटर एवं विद्युत केबलों की उचित एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और थोड़ी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियाँ छीन सकती है। इसलिए विद्युत विभाग को पूरी गंभीरता के साथ समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि न हो और नगरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर पार्षद श्रीमती जानीबाई धाकड़ के प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय से अनुरोध किया कि वे मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, जिससे जावरा नगर में सुरक्षित एवं व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था स्थापित हो सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






