सिद्धार्थनगरः आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ा मानदेय, नवनियुक्त सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र

सिद्धार्थनगर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं के सम्मान और नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अयोध्या से किया गया, जिसे लोहिया कला भवन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देखा।
कार्यक्रम में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे।
विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि कर बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की समस्या का उल्लेख करते हुए गोरखपुर एम्स के निर्माण को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 4 हजार रुपये की वृद्धि कर इसे 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये की वृद्धि कर 6 हजार रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से बेहतर ढंग से कार्य करते हुए जनपद को पोषण के क्षेत्र में और मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्य कराए गए हैं तथा सीएसआर के माध्यम से भी केंद्रों को बेहतर बनाया जा रहा है। जिले के सभी टीएचआर प्लांट संचालित होने और समय से पोषाहार उपलब्ध होने की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, पीडी अनिल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






