गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा सख्त: अराजक तत्वों पर कसेगा शिकंजा
एसएसपी बोले- गश्त बढ़ाएं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं; त्योहार में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गोरखपुर/ आगामी पर्व गणेश चतुर्थी और अन्य त्योहारों को पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों की आड़ में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने, अराजकता फैलाने या माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित एक उच्चस्तरीय गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी ने जिले के पुलिस तंत्र को पूरी तरह मुस्तैद रहने का फरमान जारी किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अराजक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, पूरे जिले में 24 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग (पैदल व वाहन गश्त) बढ़ाने और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया गया। शहर में श्रद्धालुओं और आम जनता की सहूलियत के लिए सुदृढ़ यातायात योजना लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम जनता के मन में सुरक्षा का अहसास कराना और असामाजिक तत्वों के मन में कानून का खौफ पैदा करना है, ताकि हर नागरिक निर्भय होकर त्योहार की खुशियां मना सके। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल , पुलिस अधीक्षक उत्तरी, (एसपी नार्थ), पुलिस अधीक्षक दक्षिणी (एसपी साउथ), पुलिस अधीक्षक अपराध (एसपी क्राइम), पुलिस अधीक्षक यातायात (एसपी ट्रैफिक), समस्त क्षेत्राधिकारी (सीओ), सभी थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, यातायात निरीक्षक और विभिन्न शाखाओं के प्रमुख मौजूद