महराजगंज पुलिस का अभियान: 426 वाहनों के चालान, 195 वाहन सीज; 35 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई
महराजगंज। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग और गश्त अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 426 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 195 वाहनों को सीज किया गया।
चेकिंग के दौरान तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
वहीं, शांति भंग की आशंका को देखते हुए विभिन्न थानों की पुलिस ने 35 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने पैदल गश्त के दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की गई। इस दौरान 22 लोगों पर पुलिस एक्ट की धारा 34 और 8 लोगों पर धारा 129जी बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
जनसंवाद के तहत पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और कास्तकारों के साथ शांति समिति की बैठकें कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
बृजमनगंज पुलिस ने सोहित पासवान निवासी कानापार, धानी बाजार के कब्जे से 5 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मामले में मु0अ0सं0 223/2026, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के निस्तारण अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा 7 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। पुलिस के अनुसार 16/17 सितंबर की कार्रवाई में शांतिभंग, आबकारी एवं अन्य मामलों समेत कुल 36 आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।