*सेवा-संकल्प अभियान अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 7 लाख दीपों से जगमगाया झाबुआ*

*सेवा-संकल्प अभियान अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 7 लाख दीपों से जगमगाया झाबुआ*
*पॉलिटेक्निक कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम में एक साथ प्रज्ज्वलित हुए 10 हजार दीप*
*4.62 लाख हितग्राही परिवारों के घरों में जले आशीर्वाद के दीये*
*जिले के 11 आइकॉनिक स्थानों पर हुआ विशेष दीप प्रज्ज्वलन*
झाबुआ, 17 सितम्बर 2026। सेवा-संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में व्यापक जनसहभागिता के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सायं 7 बजे जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा हितग्राही परिवारों के घरों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिलेभर में लगभग 7 लाख दीपों के प्रज्ज्वलन से सेवा, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।
जिला स्तरीय सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज, झाबुआ में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा प्रमुख सचिव वन विभाग एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
*पॉलिटेक्निक कॉलेज में 10 हजार दीपों से साकार हुआ सेवा-संकल्प*
जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम स्थल पर सेवा-संकल्प अभियान की थीम को आकर्षक स्वरूप देते हुए जिले के प्रसिद्ध कलाकार श्री आशीष पांडे द्वारा तैयार डिजाइन को नगर पालिका के सहयोग से जमीन पर उकेरा गया। इस विशेष डिजाइन पर 10 हजार दीपों को सुव्यवस्थित रूप से सजाया गया।
मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, विशेष अतिथि प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। हजारों दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलित होने से पूरा कार्यक्रम स्थल प्रकाशमय हो गया और उपस्थित नागरिक भी इस सामूहिक आयोजन के सहभागी बने। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
जिला स्तरीय आयोजन में एक ही स्थान पर सर्वाधिक 10 हजार दीपों का सामूहिक प्रज्ज्वलन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
*हर दीप बना सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक*
सेवा-संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रज्ज्वलित किया गया।
जिला स्तरीय आयोजन के साथ ही जिलेभर में नागरिकों एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही परिवारों ने अपने घरों तथा सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस प्रकार ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए ग्राम पंचायत स्तर और नगरीय वार्डों से लेकर हितग्राही परिवारों तक व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया।
*4.62 लाख हितग्राही परिवारों के घरों में जले ‘आशीर्वाद के दीये’*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 4 लाख 62 हजार चिन्हित हितग्राही परिवारों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े हितग्राही परिवारों ने अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की।
इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय के वार्ड में सामूहिक रूप से न्यूनतम 500 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में आयोजित सामूहिक कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिलेभर में लगभग 900 सार्वजनिक स्थानों पर भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। हितग्राही परिवारों के घरों, ग्राम पंचायतों, नगरीय वार्डों एवं सार्वजनिक स्थानों पर हुए दीप प्रज्ज्वलन को मिलाकर जिले में लगभग 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
*करीब 100 संस्थाओं की रही सहभागिता*
जिलेभर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में नागरिकों के साथ विभिन्न संस्थाओं ने भी सहभागिता की। लगभग 100 सामाजिक, स्वयंसेवी एवं अन्य संस्थाओं द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में भागीदारी की गई। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक ही समय पर आयोजित कार्यक्रमों से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान व्यापक जनसहभागिता से जुड़ा।
*100 प्रमुख स्थानों पर विशेष लाइटिंग, 50 चिन्हित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए जिले के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष लाइटिंग की गई। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों तथा विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों से जुड़े 50 चिन्हित स्थानों पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इन स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता से सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*जिले के 11 आइकॉनिक स्थानों पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन*
अभियान के अंतर्गत जिले के 11 आइकॉनिक स्थानों को भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन के लिए चिन्हित किया गया। इनमें पॉलिटेक्निक कॉलेज झाबुआ, राजवाड़ा, देवझिरी मंदिर, सांदीपनी स्कूल, ईएमआरएस हॉस्टल, माही डेम, शृंगेश्वर धाम, अमृत सरोवर, बावड़ी मंदिर, अनास डेम एवं पीएम श्री स्कूल शामिल रहे। इन स्थानों पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनसहभागिता का संदेश दिया गया।
*जिलेभर में एक साथ दिखी व्यापक जनसहभागिता*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता रही। हितग्राही परिवारों के साथ नागरिकों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न संगठनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में भागीदारी की। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक एक साथ हुए दीप प्रज्ज्वलन ने सेवा-संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना। हितग्राही परिवारों के घरों से लेकर सार्वजनिक एवं आइकॉनिक स्थलों तक हुए सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, सहयोग और जनसहभागिता की भावना अभिव्यक्त हुई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त इंदौर श्री पी.एन. मिश्रा, वन मंडलाधिकारी झाबुआ श्री अमित वसंत निकम, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





