डीडवाना-कुचामन, पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौक़े पर ही पहुँचाने के लिए 19 सितम्बर से 25 सितम्बर 2026 तक जिले की प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर "विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026" के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को जिले की समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर जन सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। आयोजित शिविरों में पंचायती राज विभाग सहित राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति,जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, और सहकारिता समेत 22 विभागों की योजनाओं से आमजन को लाभांवित किया गया। साथ ही इन शिविरों में जनकल्याणकारी कार्यों पर आधारित प्रेरणादायी कहानियों का भी प्रसारण किया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार ने बताया कि विकसित भारत- जन सेवा अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जिले में 25 सितम्बर तक सभी पंचायत समिति मुख्यालयों शिविरों का आयोजन निरंतर किया जायेगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर जागरूक नागरिक के रूप में सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं ।