भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी में सोमवार से तीन दिवसीय 17वें विश्व शांति फोरम 2026 का हुआ भव्य आगाज

लुम्बिनी में गूंजा विश्व शांति का संदेश, 17वें विश्व शांति फोरम का आगाज
दुनिया के अलग-अलग देशों से जुटे शांति विशेषज्ञ, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता, जेएनयू के छात्र-छात्राओं ने भी लिया हिस्सा –
लुम्बिनी/नेपाल
भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी में सोमवार से तीन दिवसीय 17वें विश्व शांति फोरम 2026 का भव्य आगाज हुआ। लुम्बिनी वर्ल्ड पीस फोरम के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से शांति विशेषज्ञ, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचे हैं। भारत के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने भी सम्मेलन में भाग लेकर वैश्विक शांति और समसामयिक चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
वही सीमावर्ती क्षेत्र जनपद महराजगंज के प्रेस क्लब आफ महराजगंज के जिलाध्यक्ष (जी मीडिया प्रभारी ) अमित त्रिपाठी ने भी सम्मेलन में हिस्सा लेते हुये अपने विचारों को साझा किया ।
सम्मेलन के पहले दिन नेपाल के रशुवा क्षेत्र में आई भीषण आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद विभिन्न देशों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने शांति, मानवता, सह-अस्तित्व और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
फोरम में 21वीं सदी में शांति की पुनर्कल्पना, जलवायु परिवर्तन, क्लाइमेट जस्टिस और वैश्विक शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया जा रहा है। खास तौर पर जलवायु परिवर्तन से प्रभावित युवाओं की भूमिका और आने वाली पीढ़ियों के लिए शांतिपूर्ण एवं टिकाऊ दुनिया के निर्माण पर चर्चा केंद्रित है।
भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी से आयोजित यह सम्मेलन एक बार फिर शांति, करुणा और सह-अस्तित्व के संदेश को वैश्विक मंच पर मजबूती देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले फोरम में अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे तथा वैश्विक चुनौतियों के बीच शांति और सहयोग की संभावनाओं पर मंथन करेंगे।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि लुम्बिनी में हुई इन महत्वपूर्ण चर्चाओं और विचारों को किस तरह वैश्विक स्तर पर शांति, सहयोग और मानवता के साझा प्रयासों में बदला जाता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







