कठूमर में एसीबी का बड़ा सिकंजा,

अलवर: कठूमर पंचायत समिति में एसीबी का बड़ा शिकंजा, बिल पास करने की एवज में घूस लेते एईएन और जेईएन रंगे हाथों गिरफ्तार
राजस्थान के अलवर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। भिवाड़ी एसीबी चौकी की टीम ने कठूमर पंचायत समिति में दबिश देते हुए कार्यालय के ही सहायक अभियंता (एईएन) शिवराम को 25 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) मिन्ना खान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के निर्देशन और डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अंजाम दी गई।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैसर्स पोसवाल कंपनी की तरफ से ईटोला ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के अंतर्गत राजीव गांधी सेवा केंद्र के मरम्मत का कार्य किया गया था।
इस कार्य का कुल 2,52,000 रुपये का भुगतान पिछले काफी समय से पंचायत समिति कठूमर में लंबित पड़ा था। इसी बकाया बिल को पास करने की एवज में दोनों इंजीनियरों द्वारा परिवादी से अवैध वसूली का खेल खेला जा रहा था।
रिश्वत के लिए किया जा रहा था परेशान
शिकायतकर्ता ने जब अपने बिल के भुगतान के सिलसिले में एईएन शिवराम और जेईएन मिन्ना खान से मुलाकात की, तो उन्होंने प्रक्रिया पूरी करने के बजाय घूस की मांग शुरू कर दी। एईएन ने बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपये और जेईएन ने 15 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि बतौर रिश्वत मांगी, जिससे तंग आकर परिवादी ने एसीबी का दरवाजा खटखटाया।
सत्यापन में हुआ भ्रष्टाचार का खुलासा
एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद बीते 18 सितंबर 2026 को गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन करवाया। जांच में यह साफ हो गया कि आरोपी अधिकारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
मोलभाव के बाद तय हुआ कि एईएन शिवराम कुल 35 हजार रुपये (10 हजार पहले और 25 हजार बाद में) लेगा, जबकि जेईएन मिन्ना खान 15 हजार रुपये (5 हजार पहले और 10 हजार बाद में) लेगी। एसीबी की ट्रैप कार्रवाई
योजना के मुताबिक, भिवाड़ी एसीबी चौकी के प्रभारी व टीएलओ पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने जाल बिछाया।
जैसे ही परिवादी ने सहायक अभियंता शिवराम को 25,000 रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10,000 रुपये थमाए, एसीबी की टीम ने दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। फिलहाल, एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके ठिकानों की भी जांच की जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







