प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में न्यू इंडिया हॉस्पिटल सील

*✍️राकेश कुमार चौहान पत्रकार कारीकोट वंदे भारत न्यूज़ लाइव टीवी चैनल बहराइच*
उत्तर प्रदेश जनपद बहराइच में स्वास्थ्य विभाग ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर की जांच, नोडल अधिकारी व सीएचसी अधीक्षक की मौजूदगी में हुई कार्रवाई सुजौली थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी निवासी करिश्मा की प्रसव के बाद हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर और प्रार्थना पत्र के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच की। जांच के बाद बुधवार को मिहींपुरवा स्थित न्यू इंडिया हॉस्पिटल को सील कर दिया गया।
बताया गया कि करिश्मा को प्रसव पीड़ा के बाद 16 सितंबर को न्यू इंडिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार जांच में उसका हीमोग्लोबिन करीब 7.7 ग्राम पाया गया था। अस्पताल में प्रसव के दौरान ऑपरेशन किया गया और महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे बहराइच और फिर लखनऊ के अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर न्यू इंडिया हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल में हंगामा किया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
मामले को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार की तहरीर एवं प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और ऑपरेशन से संबंधित अनुमति समेत अन्य बिंदुओं की जांच की गई।
नोडल अधिकारी और सीएचसी अधीक्षक की मौजूदगी में सील हुआ अस्पताल
जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को न्यू इंडिया हॉस्पिटल को सील कर दिया। यह कार्रवाई नोडल अधिकारी डॉ. थानेदार तथा सीएचसी अधीक्षक महेश कुमार विश्वकर्मा की मौजूदगी में की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले में जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। महिला की मौत के कारणों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और उनके संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







