जिला स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में देवयांसी पुरोहित ने जीता सिल्वर मेडल

जोधपुर : 70वीं जिला स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में श्री सोहनलाल मनिहार सी.से. स्कूल की कक्षा 7 की छात्रा देवयांसी पुरोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में देवयांसी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया। देवयांसी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी।
परिजनों ने कहा कि देवयांसी ने नियमित अभ्यास और मेहनत के दम पर लगातार दूसरी बार जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। उसकी इस उपलब्धि से परिवार में उत्साह का माहौल है।
इनके पिता अनुप पुरोहित और माता सीमा पुरोहित दोनों शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि देवयांसी पढ़ाई के साथ खेलों में भी लगातार सक्रिय रहती है।
वेटलिफ्टिंग के प्रति उसकी रुचि को देखते हुए परिवार ने उसे नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया। पिता अनुप पुरोहित ने बताया कि देवयांसी पिछले तीन वर्षों से वेटलिफ्टिंग का नियमित अभ्यास कर रही है।
वह प्रशिक्षक राजेश मितल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही है। प्रशिक्षण के दौरान वह लगातार अपनी तकनीक और प्रदर्शन में सुधार के लिए मेहनत कर रही है।
उन्होंने बताया कि देवयांसी ने पिछले वर्ष भी जिला स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था। इस वर्ष सिल्वर मेडल जीतकर उसने प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार पदक प्राप्त किया है।
विद्यालय परिवार ने देवयांसी की उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया। शिक्षकों ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में नियमित अभ्यास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने देवयांसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन करेगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







