कांठ: फत्तेहपुर बिश्नोई में राजकीय इंटर कॉलेज की मांग, विधायक कमाल अख्तर को सौंपा ज्ञापन

कांठ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फत्तेहपुर बिश्नोई में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर से मिला।प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर गांव में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई और क्षेत्र की शैक्षिक स्थिति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि फत्तेहपुर बिश्नोई में वर्तमान में सरकारी स्तर पर कक्षा आठ तक ही शिक्षा की व्यवस्था है। इसके बाद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर स्थित विद्यालयों का रुख करना पड़ता है। निजी विद्यालयों की महंगी फीस के कारण आर्थिक रूप से कमजोर और मजदूर परिवारों की कई बेटियां कक्षा आठ के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। इससे बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के सरकारी प्रयासों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के 41 बच्चे NMMS परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, जिनमें जनपद एवं मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत इन विद्यार्थियों को करीब 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति का लाभ मिलना है। हालांकि राजकीय इंटर कॉलेज उपलब्ध नहीं होने के कारण कई विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों में प्रवेश लेना पड़ता है, जिससे नियमानुसार उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्यालय के अभाव में प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि फत्तेहपुर बिश्नोई से सबसे निकट राजकीय इंटर कॉलेज मानपुर मुजफ्फरपुर करीब 5.9 किलोमीटर तथा राजकीय इंटर कॉलेज फरीदपुर भैंडी करीब 3.5 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा कांठ क्षेत्र में मानपुर मुजफ्फरपुर, फरीदपुर भैंडी और चौरा चेतरामपुर में राजकीय इंटर कॉलेज संचालित हैं। ऐसे में फत्तेहपुर बिश्नोई में विद्यालय की स्थापना की मांग पर नियमों के साथ-साथ वास्तविक भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुनर्विचार किए जाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि फत्तेहपुर बिश्नोई की आबादी 5000 से अधिक है। यहां राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इसके अलावा ग्राम समाज के पास भी भूमि है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि गांव में सरकारी बैंक, डाकखाना, सहकारी समिति, होम्योपैथिक अस्पताल और पशु अस्पताल जैसी आवश्यक सरकारी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में राजकीय इंटर कॉलेज का अभाव विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। ग्रामीणों ने विधायक कमाल अख्तर से मांग की कि आगामी विधानसभा सत्र में इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया जाए और शासन स्तर पर फतेहपुर बिश्नोई में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना के लिए प्रभावी पैरवी की जाए। विधायक कमाल अख्तर ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए छात्र-छात्राओं के भविष्य एवं क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए मामले को संबंधित स्तर पर उठाने तथा विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि फत्तेहपुर बिश्नोई और आसपास के गांवों के बच्चों को बेहतर एवं सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाया जाएगा।
इस अवसर पर राजकुमार सिंह, विनोद कुमार, गीता, रानी, राकेश, संजना, वंशिका, नितिन, तानिया, अक्षय, तनु, यशी, अंशिका, राधिका, विक्रांत, सानिया, समरीन, वंश, आदिल, तनु, पलक, कंचन, यश्वी, अंश, जिशु, आशु, विक्रम सिंह यादव, आरिफ मलिक, अतीकुर्रहमान, अमजद अली, डॉ. दानिश, मुजाहिद चौधरी, सगीर नेताजी, मुकेश यादव, रिंकू चौधरी, मोनिश खान, डॉ. नौरातन सिंह, तस्लीम प्रधान, राशिद सैफी, सकलेंन चौधरी, उस्मान अल्वी, पूर्व चेयरमैन आबिद अंसारी, इकराम अल्वी आदि मौजूद रहे।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







