सेवा पर्व के तहत नूह के पिनगवा हुआ गांव पहुंचे राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा

सेवा पर्व के तहत नूंह के पिनगवां गांव पहुंचे राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा
नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें युवा, देश का नाम करें रोशन : कार्तिकेय शर्मा।
*नूंह, 26 सितंबर।* राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा है। उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। केंद्र और राज्य सरकार प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा युवाओं को खेलों, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राज्यसभा सांसद सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुआ सेवा पर्व 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेलों और रचनात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ना चाहिए। खेल व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं। हरियाणा खेलों की नर्सरी के रूप में देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है और आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सेवा पर्व के दौरान चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने गांव, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के लिए स्वयं आगे आना चाहिए। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी प्रकार अपने गांव और शहर को भी स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मेवात क्षेत्र में नमो शक्ति रथ संचालित किया जाएगा, जो गांव-गांव जाकर महिलाओं की निःशुल्क कैंसर जांच करेगा। इससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
राज्यसभा सांसद ने बच्चों और युवाओं की खेल प्रतिभा को देखते हुए क्षेत्र में क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए डी-प्लान के तहत भी सिफारिश करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि भारत के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही हैं। राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए दी जा रही सुविधाओं और पुरस्कारों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है।
राज्यसभा सांसद ने आह्वान किया कि सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और खेलों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सभी नागरिक अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, एजाज खान, रमेश मानूवास, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, वरिष्ठ पत्रकार कासिम खान,पिनगवां सरपंच मनोज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व लोग मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






