विश्व पर्यटन दिवस पर सिद्धार्थनगर में गोष्ठी, पर्यटन विकास और विरासत संरक्षण पर हुआ मंथन

सिद्धार्थनगर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद सिद्धार्थनगर में 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत "सिद्धार्थनगर में पर्यटनः संभावनाएं, चुनौतियां एवं समाधान" विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा मुख्य अतिथि और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे।
गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी नोडल पर्यटन डॉ. ज्ञान प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद कुमार समेत होटल, पर्यटन और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कपिलवस्तु की बौद्ध विरासत, कालानमक चावल और हेरिटेज टूरिज्म के जरिए जिले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों, बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाओं और होटल उद्योग के लिए आसान वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने पर भी मंथन किया गया। प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। वहीं, कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण "सिद्धार्थनगरः वर्तमान से लेकर अतीत तक" पुस्तक का विमोचन रहा। अपर जिलाधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश और अलका पांडेय द्वारा लिखित इस पुस्तक में जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को 12 अध्यायों में समेटा गया है। पुस्तक में कपिलवस्तु की बौद्धकालीन विरासत के साथ कालानमक चावल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में सुरक्षित पर्यटन को लेकर पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। होटल संचालकों को सीसीटीवी सक्रिय रखने और आगंतुकों के पहचान पत्र का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं अग्निशमन विभाग ने आग से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में 'बुद्धा डिलाइट कालानमक राइस कुकीज' का ओडीओपी स्टॉल और एक्सिस बैंक, केनरा बैंक व पंजाब नेशनल बैंक के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन में पर्यटन व्यवसायियों, बैंक प्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







