समाज कल्याण विभाग ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन समारोह

समाज कल्याण विभाग ने मनाया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन समारोह
सक्ती समाचार -जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण प्रदान करने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग (विधि) के प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने Maintenance and Welfare of Parents and Senior Citizens Act, 2007 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए कानून के साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में माता-पिता और बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा रही है, जिसे नई पीढ़ी तक मजबूत सामाजिक संस्कार के रूप में पहुंचाना आवश्यक है।
अधिवक्ता पटेल ने सुप्रीम कोर्ट के 4 अगस्त 2026 के Ravi Kant Gupta बनाम State of Uttar Pradesh मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठ नागरिक के भरण-पोषण या संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक होने पर अधिनियम के तहत गठित ट्रिब्यूनल को बेदखली का आदेश देने की शक्ति है। सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित मामले में अधिनियम के तहत पारित बेदखली के आदेशों को बहाल किया।
जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा केवल कानूनी विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। परिवार और समाज को मिलकर वरिष्ठजनों के सम्मान एवं गरिमापूर्ण जीवन के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान, संरक्षण और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए परिवार एवं समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव को समाज की महत्वपूर्ण पूंजी बताया।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक एम एल झारिया ने कहा कि कानून का प्रयोग सभ्य समाज के लिए अंतिम अस्त्र होना चाहिए, लेकिन जब बुजुर्ग माता-पिता के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों का उल्लंघन हो, तब उन्हें प्रभावी कानूनी संरक्षण मिलना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रीतम ट्रैक्टर्स के प्रोपराइटर प्रीतम गबेल ने ठेठ छत्तीसगढ़ी अंदाज में आयोजन की सराहना करते हुए वरिष्ठजनों को बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन गुरुप्रसाद जायसवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पेंशनर कल्याण संघ के डॉ. डी.डी. मिश्रा, रमेश तिवारी, विजय ठाकुर, तुलसी राठौर, बी.पी. अग्रवाल, डी.के. पाली, भोलाशंकर तिवारी, अमर सिंह, राधेलाल भारद्वाज सहित अन्य वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा भरी संख्या में शामिल वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल, स्टिक एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के चिकित्सकों ने वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित किया।
साथ ही भारत सरकार सेवा संकल्प अभियान के तहत नशामुक्त भारत का संकल्प लिया गया एवं 50 से अधिक बार रक्तदान करने वाले वरिष्ठजन प्रफुल्ल देशमुख पूर्व प्रधानाचार्य शिशु मंदिर का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






