कोल वाशरी क्षेत्र में बढ़ती भारी वाहनों की आवाजाही, धूल एवं खराब सड़क से ग्रामीण परेशान — छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना करेगी बड़ा आंदोलन

संतनु कुमार कुर्रे की रिपोर्ट
कोल वाशरी क्षेत्र में बढ़ती भारी वाहनों की आवाजाही, धूल एवं खराब सड़क से ग्रामीण परेशान — छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना करेगी बड़ा आंदोलन
बिलासपुर। ग्राम मेड़पार, बुटेना, मुरु, खरकेना एवं धौराभाटा क्षेत्र में संचालित कोल वाशरी एवं उससे जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना बिलासपुर को क्षेत्र के ग्रामवासियों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार कोल वाशरी क्षेत्र में भारी वाहनों की अत्यधिक आवाजाही, सड़कों पर उड़ती धूल, सड़क की खराब स्थिति, गड्ढों एवं यातायात संबंधी परेशानियों के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा धूल के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार पाली का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से वाहनों की वास्तविक आवाजाही, निर्धारित क्षमता एवं परिवहन नियमों, सड़क की स्थिति, धूल नियंत्रण के उपाय तथा पर्यावरणीय एवं जनस्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जांच कराई जानी चाहिए।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला संयोजक मनोज कौशिक ने कहा कि यदि संबंधित प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं पर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्रामवासियों के साथ मिलकर चरणबद्ध एवं व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान सड़क, धूल, भारी वाहनों की आवाजाही एवं ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के ब्लॉक उपाध्यक्ष लोकेश निषाद ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण कराकर ग्रामीणों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही खराब सड़कों का सुधार, धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय और भारी वाहनों की आवाजाही को नियमानुसार नियंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने स्पष्ट किया कि समय रहते प्रशासन के द्वारा इस समस्या के समाधान नही किया गया तो संगठन के द्वारा नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से आसपास के ग्रामीणों को साथ मे लेकर आंदोलन किया जाएगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




