आगर-मालवा | शहर के मालीखेड़ी रोड पर गुरुवार रात चूड़ी की दुकान पर चूड़ी खरीदने को लेकर हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दुकानदार का आरोप – दाम को लेकर बॉक्स फेंका
दुकानदार राहुल गुप्ता ने बताया कि महिला-पुरुष चूड़ी खरीदने आए थे। 300 रुपए की चूड़ी के 200 रुपए देने को लेकर कहासुनी हुई। बात नहीं बनी तो महिला ने चूड़ी का बॉक्स फेंककर तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद बाहर खड़े साथियों को बुलाकर दुकानदार, उसके भाई रितेश और कर्मचारी जितेंद्र से मारपीट की गई। जितेंद्र को चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप भी है। हालांकि सीसीटीवी में दुकानदार हाथ जोड़कर समझौता करता भी दिख रहा है।
दूसरे पक्ष का आरोप – लाठी-डंडों से पीटा
दूसरे पक्ष के फैय्यूम ने शिकायत में बताया कि वह पत्नी रीना के साथ चूड़ी खरीदने गया था। चूड़ी पसंद नहीं आने पर वापस रख दी। इसी बात पर दुकानदार राहुल गुप्ता ने गाली-गलौज कर लाठी से हमला कर दिया। बचाने आए कर्मचारी जितेंद्र को भी डंडे से पीटा गया।
पुलिस बोली – सीसीटीवी के आधार पर जांच
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।