हरियाणा के नारनौल में आज शाम प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री कैलाशचंद शर्मा की गाड़ी में आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस समय पूर्व मंत्री खुद गाड़ी चला रहे थे। आग लगने पर धुआं उठता देख, वे गाड़ी से उतर गए। जिसके कारण वे बाल-बाल बच गए।
नारनौल में पूर्व मंत्री कैलाशचंद्र शर्मा आज शाम को करीब सात बजे अपनी डिजायर गाड़ी में सवार होकर शिव कॉलोनी स्थित अपने मकान से सेक्टर एक में किसी से मिलने के लिए गए थे।
सेक्टर एक की घटना
मंत्री के बेटे विकास शर्मा ने बताया कि इस दौरान जब वे सेक्टर एक में घनी आबादी के बीच थे तो इंजन से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। इस पर वे गाड़ी से उतर गए। जैसे ही वे गाड़ी से उतरे तो इंजन में से आग की तेज लपटें उठने लगी।
जिस पर वे गाड़ी से एकदम से दूर चले गए। यह देख आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल को फोन कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चौटाला सरकार में बने मंत्री
कैलाशचंद्र शर्मा का हरियाणा की राजनीति के इतिहास में नारनौल विधानसभा क्षेत्र का भी महत्वपूर्ण स्थान रहा है। वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद नारनौल से विधायक रहे कैलाश चंद्र शर्मा को मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। उन्हें राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
संसद के Journal of Parliamentary Information में 29 जुलाई 1999 को चौटाला मंत्रिमंडल के विस्तार और मंत्रियों को दिए गए विभागों का उल्लेख है, जिसमें कैलाश चंद्र शर्मा के पास राजस्व एवं पुनर्वास विभाग दर्ज है।
1999 में बदला था हरियाणा का सत्ता समीकरण
उस समय हरियाणा में बंसीलाल के नेतृत्व वाली सरकार थी। बंसीलाल 11 मई 1996 से 24 जुलाई 1999 तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 24 जुलाई 1999 को ओमप्रकाश चौटाला ने मुख्यमंत्री पद संभाला।
29 जुलाई 1999 को चौटाला ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। इसी विस्तार में कैलाश चंद्र शर्मा को राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी दी गई। उनके अलावा मंत्रिमंडल में वित्त, कृषि, परिवहन, उद्योग, सहकारिता सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारियां भी बांटी गई थीं। उस समय चर्चा थी कि चौटाला सरकार बनाने में कैलाशचंद्र शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नारनौल से विधायक रहे
1996 के विधानसभा चुनाव में भी नारनौल सीट पर कैलाश चंद्र शर्मा का नाम प्रमुख उम्मीदवारों में रहा। चुनावी रिकॉर्ड में उस चुनाव में निर्दलीय कैलाश चंद्र शर्मा के विजयी होने का उल्लेख है।
इस तरह 1999 का दौर कैलाश चंद्र शर्मा के राजनीतिक सफर में महत्वपूर्ण रहा, जब नारनौल का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता को चौटाला सरकार में राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री की जिम्मेदारी मिली।