बाइक चोरी गैग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार।

नूंह पुलिस की एवीटी स्टाफ टीम को मिली बड़ी कामयाबी, बाइक चोरी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार।
आरोपियों के कब्जे से 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, दिल्ली, फरीदाबाद और मथुरा से चुराई गई थी बाइकें,
नूंह। जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।
जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन के निर्देश पर पूरे जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सक्रिय रूप से अभियान चलाया जा रहा है और इसी कड़ी में लगातार टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए एवीटी स्टाफ की टीम ने अपराध गश्त और वाहन चोरी की चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रहीश पुत्र शेर खां निवासी जकोकर थाना बिछौर और वसीम उर्फ मूछल पुत्र मामूर निवासी खेड़ला थाना शहर नूंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने जब आरोपियों से गहनता से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद की गई सभी मोटरसाइकिलें अलग-अलग स्थानों से चोरी की हुई हैं। जांच में सामने आया है कि इनमें से एक मोटरसाइकिल दिल्ली के सुभाष पैलेस थाना क्षेत्र से चोरी की गई है, दूसरी मोटरसाइकिल दिल्ली के ही किशनगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुई है, जबकि तीसरी मोटरसाइकिल उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना क्षेत्र से और चौथी मोटरसाइकिल हरियाणा के फरीदाबाद जिले के मुजेसर थाना क्षेत्र से चोरी की गई है। सभी बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं और आरोपी इन्हें नूंह क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर नूंह में मुकदमा दर्ज कर लिया है और सभी बरामद बाइकों को कब्जा पुलिस में लिया गया है । अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने जिले में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






