दुर्गा पूजा को लेकर बुढ़मू में प्रशासन अलर्ट,शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने पर जोर।।

दुर्गा पूजा को लेकर बुढ़मू में प्रशासन अलर्ट,शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने पर जोर।।
"थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने अफवाहों से बचने की अपील की, डीएसपी रामनारायण चौधरी ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश"
*रिपोर्टर/राशीद अंसारी*
बुढ़मू। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुढ़मू थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंथन किया।
बैठक में थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से संयम और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन किसी भी सूचना पर भरोसा न करें और न ही उसे सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से आगे प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध सूचना या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों और आम लोगों से पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
"सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी ने दिए निर्देश"
बैठक में डीएसपी रामनारायण चौधरी ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
डीएसपी ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या अफवाह को बढ़ावा देने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। उन्होंने पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की।
"बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद"
शांति समिति की बैठक में बीडीओ धीरज कुमार, बुढ़मू प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, जितेंद्र मिश्रा एडवोकेट, सरफराज अहमद, तपु मिश्रा, याकूब अंसारी, शंकर साहू, सदन साहू, सुदामा नायक, सद्दाम खान, हरिश चन्द्र मुंडा, गोवर्धन लोहारा, शुभम सिन्हा, विकास साहू, बाड़े मुखिया अनुपमा कुजूर, रामकिशुन राम, इदरीस अंसारी, अख्तर अंसारी, प्रकाश सिंह, पनेश्वर महतो, सुरजन कुमार एवं दिनेश महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी लोगों ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





