संतकबीर नगर विशेष सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग अरविन्द सिंह (आई0ए0एस0)/नोडल अधिकारी द्वारा जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्ड सांथा में नीति आयोग द्वारा निर्धारित 50 पैरामीटर्स पर कार्यों/योजनाओं की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी द्वारा विकास खंड सांथा का भ्रमण करते हुए विकास कार्यों एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति आदि का जायजा लिया गया।
विशेष सचिव/नोडल अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत परसमाफ़ी के पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु पंजीकरण का रजिस्टर उपलब्ध नही पाये जाने एवं कम्प्यूटर क्रियाशील नही पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था सुधार करने एवं पंचायत भवन के माध्यम से उपलब्ध करायी जा रही समस्त सुविधाओं को क्रियाशील किये जाने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा डिजिटल लाईब्रेरी व पानी टंकी, सामुदायिक शौचालय, प्राथमिक विद्यालय, पेयजल योजना, आवास योजना, शौचालयों का निर्माण आदि का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। निरीक्षण के क्रम में नोडल अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत प्रतापपुर का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य केन्द्र, आगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत अठलोहिया में प्रा0वि0 अठलोहिया एवं आगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। समीक्षा के दौरान विशेष सचिव/नोडल अधिकारी ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन, कृषि, पेयजल आदि से संबंधित कार्यों में विकास की जमीनी हकीकत की जानकारी संबंधित अधिकारियों से पूछताछ करते हुए ली गई।
उन्होंने विकासखंड अंतर्गत समस्त सरकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण व सही तरीके से लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं का संबंधित योजना के लाभार्थियों से फीडबैक लेना चाहिए। उन्होंने विकासखंड अंतर्गत समस्त विकास/निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान देने हेतु संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी सांथा अमित कुमार सिंह, एम0ओ0आई0सी0 सी0डी0पी0ओ0, सी0एम0 फेलो, खंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम पीके सिंह सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी व ग्रामवासी आदि उपस्थित रहे।