निगम आयुक्त की हिदायत का असर , अतिक्रमण अमला सक्रिय

कटनी
नगर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम का अतिक्रमण अमला सक्रिय हो गया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा शुक्रवार देर शाम मुख्य मार्गों के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद अतिक्रमण विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के निर्देशन में मिशन चौक, जगन्नाथ चौक और गांधी द्वार थाना तिराहा से अनाधिकृत रूप से लगाए गए बैनर-पोस्टर हटाए गए।
अतिक्रमण विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान पोल सहित लगभग आठ बैनर हटवाकर उन्हें सुरक्षित रूप से नगर निगम कार्यालय में रखवाया। अधिकारियों के अनुसार, प्रमुख चौराहों और तिराहों पर बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोस्टर शहर की सुंदरता को प्रभावित करने के साथ ही सड़क पर दृश्यता बाधित करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारों को देखते हुए बाजार क्षेत्रों में भी सख्ती
आगामी त्योहारों को मद्देनजर नगर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। अभियान के तहत मिशन चौक से आजाद चौक होते हुए झंडा बाजार, गोल बाजार और मुख्य स्टेशन मार्ग पर कार्रवाई की गई।
आजाद चौक से झंडा बाजार तक मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से सामग्री रखकर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध जब्ती की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित दुकानदारों और व्यापारियों को हिदायत दी गई कि वे सार्वजनिक मार्गों पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें तथा निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करें।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखना, नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और शहर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाना है।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






