25 युवा ने किया स्वैच्छिक रक्तदान।

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मालब में 25 युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान।
समाजहित में उठाया गया हर कदम पूरे समाज को करता है लाभान्वित : अखिल पिलानी
नूंह, 14 अक्टूबर।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला रेड क्रॉस सोसायटी, नूंह के तत्वावधान में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मालब में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अखिल पिलानी के मार्गदर्शन तथा सोसायटी के सचिव महेश गुप्ता की देखरेख में आयोजित इस शिविर में 25 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य रहीश अहमद ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए कहा कि समाजहित में उठाया गया प्रत्येक कदम पूरे समाज को लाभान्वित करता है। स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिला रेड क्रॉस सोसायटी, नूंह के जिला प्रशिक्षण अधिकारी महेश सिंह मलिक ने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जन्मदिन, बुजुर्गों के जन्मदिन एवं पुण्यतिथि, महापुरुषों की जयंती और शहीदी दिवस जैसे विशेष अवसरों पर रक्तदान कर समाजसेवा में योगदान दें। उन्होंने बताया कि रक्तदान के लिए निर्धारित चिकित्सकीय मानकों को पूरा करना आवश्यक है। रक्तदान की पात्रता, वजन, हीमोग्लोबिन स्तर तथा दो रक्तदानों के बीच आवश्यक अंतराल का निर्धारण संबंधित चिकित्सकीय दिशानिर्देशों के अनुसार किया जाता है।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी के टेक्निकल कोऑर्डिनेटर नितिन वर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर ही वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने से पूर्व बेसिक फर्स्ट एड एवं सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए हरियाणा राज्य रेड क्रॉस सोसायटी की वेबसाइट haryanaredcross.co.in पर पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से प्राथमिक उपचार एवं सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की, ताकि वे आपातकालीन परिस्थितियों में दूसरों की सहायता कर सकें। शिविर के सफल आयोजन में कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर नेहा वर्मा, जय प्रकाश, शक्ति सिंह, नितिन जांगड़ा, सौदान खान और संदीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







