आगर-मालवा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर परिसर में बुधवार शाम शक्ति पर्व का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन आगर-मालवा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति संगीत और नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मां आदिशक्ति की आराधना में डूबे श्रद्धालु कलाकारों की प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध नजर आए।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग द्वारा आमंत्रित कलाकारों ने देवी आराधना पर आधारित भजन, लोक भक्ति गीत और नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर समां बांध दिया। भोपाल के मोक्ष बैंड के श्री सुनील पांडेय एवं उनके साथी कलाकारों ने लोक भक्ति गायन की प्रस्तुति दी। वहीं, भोपाल की श्रीमती प्रियंका जोशी एवं उनके दल ने ‘मां आदिशक्ति’ नृत्य नाटिका के माध्यम से शक्ति स्वरूपा देवी की महिमा का भावपूर्ण मंचन किया।
इसी क्रम में भोपाल की श्रीमती भारती विश्वनाथन एवं उनके साथी कलाकारों ने भक्ति गायन की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देवी भक्ति से ओतप्रोत गीतों और सुरमयी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने करतल ध्वनि से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। नृत्य नाटिका को भी उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
शारदीय नवरात्रि के दौरान आयोजित इस शक्ति पर्व ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।