डाक्टर बी आर अम्बेडकर अध्ययन केंद्र का विधिवत उद्घाटन

रेवाड़ी (सुरेश सिहाग)इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के सरदार पटेल भवन स्थित सेमिनार हॉल में डॉ. बी.आर. आंबेडकर अध्ययन केंद्र का विधिवत उद्घाटन एवं विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के विचारों, संवैधानिक मूल्यों, समानता और शिक्षा के महत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर पीठ के अंतर्गत एक अतिरिक्त पीएच.डी. सीट सृजित करने के प्रस्ताव की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. प्रीतम सिंह, निदेशक, डॉ. बी.आर. आंबेडकर अध्ययन केंद्र, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेंद्र पाल, कुलसचिव, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो. गोपाल प्रसाद ने केंद्र की भावी योजनाओं, शोध परियोजनाओं, शैक्षणिक पाठ्यक्रमों तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रीतम सिंह ने डॉ. आंबेडकर के बहुआयामी व्यक्तित्व, संवैधानिक योगदान, दूरदर्शी विचारों और सामाजिक समानता के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके मूल ग्रंथों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेंद्र पाल ने अध्ययन केंद्र की स्थापना को विद्यार्थियों के लिए बाबा साहेब के विचारों एवं दर्शन को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ. कमलेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह अध्ययन केंद्र डॉ. आंबेडकर के विचारों, संवैधानिक चेतना, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण कदम है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







