आगर-मालवा। नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगर-मालवा पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिले के सभी थानों में शक्ति दलों का गठन किया गया है। इन दलों को महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र बोयट ने शक्ति दलों को हरी झंडी दिखाकर सुरक्षा ड्यूटी के लिए रवाना किया। नवरात्रि के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। ऐसे में पुलिस की सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बनाए रखना है।