बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर जिला पुलिस प्रशासन सतर्क; कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा,आईपीएस

रेवाड़ी (सुरेश सिहाग) दिनांक 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक बिजली कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल और प्रदर्शन के मद्देनजर, जिला रेवाड़ी में कानून-व्यवस्था, शांति एवं आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
इस संदर्भ में, जिला में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु माननीय उपायुक्त रेवाड़ी श्री अभिषेक मीणा द्वारा जिला के सभी बिजली सब स्टेशनों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत सभी मुख्य पावर हाउस, सब-स्टेशन, सभी सरकारी बिजली कार्यालयों और सभी सरकारी भवनों पर बिना अनुमति के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने व लाठी-डंडा या हथियार ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एसपी रेवाड़ी की अपील :
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने सभी बिजली कर्मचारियों, कर्मचारी संगठनों और आम नागरिकों से शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
एसपी रेवाड़ी ने कहा: "बिजली आपूर्ति एक अत्यंत आवश्यक सेवा है, जो अस्पताल, पेयजल आपूर्ति, कृषि और आम नागरिकों के दैनिक जीवन से सीधी जुड़ी हुई है। सभी बिजली कर्मचारी जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें और ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे आमजन को असुविधा हो या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़े। लोकतंत्र में अपनी बात रखने के कई शांतिपूर्ण तरीके हैं, लेकिन कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।"
प्रमुख दिशा निर्देश एवं पुलिस की तैयारियां:
असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर सख्त नजर: यदि कोई व्यक्ति बिजली कर्मचारियों को जबरन काम करने से रोकता है, सरकारी संपत्ति/सब-स्टेशनों को नुकसान पहुंचाता है या बिजली व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यक प्रतिष्ठानों पर कड़ा पहरा: जिले के सभी मुख्य पावर हाउस, सब-स्टेशन और सरकारी बिजली कार्यालयों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया पर निगरानी: रेवाड़ी पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे वाले बयान या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आमजन के लिए निर्बाध सेवाएं:
जिला पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहें और किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े। रेवाड़ी पुलिस की ओर से सभी नागरिकों और कर्मचारी संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






