आमजन को बिजली व पेयजल की सुविधा मुहैया करवाने के लिए प्रशासन प्रयासरत: डीसी डॉ. वैशाली शर्मा

– आमजन को बिजली व पेयजल की सुविधा मुहैया करवाने के लिए प्रशासन प्रयासरत: डीसी डॉ. वैशाली शर्मा
-बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 तथा 1950 जारी
-पेयजल आपूर्ति के लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा जनरेटर व पानी के टैंकरों की व्यवस्था, नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 18001804678 जारी
जींद, 23 अक्तूबर। बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्तूबर तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन आमजन को बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा बिजली आपूर्ति व्यवस्था की पल-पल की अपडेट ले रही हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 तथा 1950 जारी किया गया है, जबकि पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए 18001804678 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि हड़ताल की अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो नागरिकों की बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन शिकायतों की लगातार निगरानी कर रहा है और उनके निस्तारण की स्थिति की नियमित समीक्षा की जा रही है। डीसी ने बताया कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में आमजन को पीने के पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से जरूरत के अनुसार जनरेटर तथा पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि नागरिकों को पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के समाधान और नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 18001804678 जारी किया गया है।
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन के लिए मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 अथवा 1912 पर संपर्क करें। वहीं, पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001804678 पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
……
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







