*रोटरी क्लब नारनौल सिटी का ड्रीम प्रोजेक्ट विस्तार: शरद पूर्णिमा पर ‘अन्नपूर्णा रथ’ मोबाइल किचन का शुभारंभ*

*रोटरी क्लब नारनौल सिटी का ड्रीम प्रोजेक्ट विस्तार: शरद पूर्णिमा पर 'अन्नपूर्णा रथ' मोबाइल किचन का शुभारंभ*
*नारनौल।* मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे रोटरी क्लब नारनौल सिटी ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट रोटरी रसोई का विस्तार करते हुए रविवार को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मोबाइल किचन अन्नपूर्णा रथ का भव्य शुभारंभ किया। मोबाइल किचन के दानदाता हैदराबाद की शिव नारायण फाउंडेशन से प्रमुख समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल विशेष रूप से कार्यक्रम में पधारे। इस अन्नपूर्णा रथ के माध्यम से मात्र 10 रुपए में जरूरतमंद लोगों को गर्म, स्वच्छ एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। विशेष रूप से सामान्य अस्पताल के बाहर इलाज के लिए आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, मजदूरों और असहाय लोगों को इस सेवा का लाभ मिलेगा। यह लंबे समय से रोटरी क्लब का सपना था कि भोजन अस्पताल के द्वार तक पहुंचे, जो आज साकार हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब नारनौल सिटी द्वारा शुरू की गई रोटरी रसोई और अब अन्नपूर्णा रथ जैसी पहल पूरे हरियाणा के लिए प्रेरणा है। नर सेवा ही नारायण सेवा है, इस भावना से किया गया यह कार्य वास्तव में पुण्य का कार्य है। क्लब ने यह सिद्ध कर दिया है कि सच्ची सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
रोटरी क्लब के प्रधान गोपाल मित्तल ने कहा कि रोटरी रसोई हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसे शहरवासियों के सहयोग से हम रोजाना चला रहे हैं। अब हमारा प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न सोए। अन्नपूर्णा रथ इसी कड़ी का अगला कदम है, जो चलता-फिरता भोजनालय बनकर जरूरतमंदों तक पहुंचेगा।
प्रोजेक्ट इंचार्ज रोटेरियन प्रवीण संघी ने बताया कि यह मोबाइल वैन पूरी तरह से किचन के रूप में सुसज्जित है। इसमें एक साथ 200 लोगों के लिए भोजन रखने और गर्म रखने की व्यवस्था है। यह रथ प्रतिदिन दोपहर के समय नागरिक अस्पताल के बाहर खड़ा रहेगा और मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराएगा।
इस मोबाइल किचन के दानदाता हैदराबाद की शिव नारायण फाउंडेशन से प्रमुख समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि अपनी जन्मभूमि के लिए कुछ कर पाना सौभाग्य की बात है। रोटरी क्लब जैसे विश्वसनीय संगठन के माध्यम से यह सेवा कार्य करके मुझे आत्मिक संतुष्टि मिल रही है। यह रथ मेरे परिवार की ओर से नारनौल की जनता को समर्पित है। कार्यक्रम के अंत में सभी रोटरी सदस्यों ने दानदाता परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया और इस सेवा रथ को निरंतर चलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ अशोक कुमार, गोपाल मित्तल, विवेक अग्रवाल, प्रवीण संघी, एडवोकेट राजकुमार यादव, नरेश गोगिया, राजकुमार चौधरी, हितेंद्र शर्मा, पवन गुप्ता, विनय मित्तल, शुभम कंछल, हितेंद्र मित्तल, संजय गर्ग , विजय जिंदल, डॉ एमएम रावत, बेलाज प्रधान डॉ ऊषा यादव, गीतांजलि चौधरी, रेनू मित्तल, निर्मल जिंदल, सुचेता गोगिया, सारिका गर्ग, डॉ सुनेश यादव आदि सभी सदस्य उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






