Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Agar-Malwa

जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश नलखेड़ा में 85.40 करोड़ से बनेगा भव्य देवी लोक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया भूमि-पूजन 108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर, 55 एकड

26 Oct 2026, 10:29 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश नलखेड़ा में 85.40 करोड़ से बनेगा भव्य देवी लोक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया भूमि-पूजन 108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर, 55 एकड - आगर-मालवा, मध्य प्रदेश

आगर-मालवा/नलखेड़ा, 26 अक्टूबर। विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में सोमवार को भव्य देवी लोक निर्माण परियोजना का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया और गैंती चलाकर निर्माण की शुरुआत की। करीब 85.40 करोड़ रुपये की लागत से 55 एकड़ में विकसित होने वाला देवी लोक धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र में पर्यटन और विकास की नई संभावनाएं भी खोलेगा।

मुख्यमंत्री ने भूमि-पूजन से पहले मां बगलामुखी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। देवी लोक परियोजना के तहत मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक अनुष्ठानों और बुनियादी व्यवस्थाओं के विकास पर जोर दिया जाएगा।

*108 फीट ऊंचा शिखर, चार भव्य प्रवेश द्वार बनेंगे आकर्षण*

देवी लोक के प्रथम चरण में मुख्य मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। करीब 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में मंदिर के गर्भगृह और ऊपरी संरचना का निर्माण होगा। मंदिर की भव्यता बढ़ाने के लिए पत्थर की क्लैडिंग की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुगम दर्शन के लिए मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास भी प्रस्तावित है।

परियोजना में धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं, 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन और चार भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। पूरे परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल के साथ चारपहिया वाहनों एवं बसों की पार्किंग, शौचालय ब्लॉक, उद्यान, हरित क्षेत्र और लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी।

इसके अलावा आंतरिक एवं बाहरी विद्युत व्यवस्था, आकर्षक फसाड लाइटिंग, प्लंबिंग और अग्निशमन जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। इन कार्यों का उद्देश्य मंदिर परिसर को व्यवस्थित, सुविधाजनक और आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करना है।

*प्रदेश के 14 धार्मिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्य*

भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक के निर्माण से क्षेत्र में बदलाव आया है। इसी तरह नलखेड़ा में देवी लोक के निर्माण से मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां बगलामुखी दस महाविद्याओं में से एक हैं। नलखेड़ा का यह स्थान तंत्र साधना और आस्था के लिए विश्व स्तर पर विशेष पहचान रखता है। देवी लोक का निर्माण इस धार्मिक पहचान को और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ रुपये के विकास एवं निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि आगर से सुसनेर होते हुए झालावाड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण के साथ आमला से नलखेड़ा तक नए फोरलेन का भूमि-पूजन भी किया गया है। मंदिर के समीप बड़े ब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू हो रहा है। इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

*जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत*

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक माधव सिंह 'मधु' गेहलोत, विधायक भेरू सिंह बापू और पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह ने मां बगलामुखी की तस्वीर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

सांसद रोडमल नागर ने स्वागत उद्बोधन में नलखेड़ा-सुसनेर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने देवी लोक की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद रोडमल नागर, विधायक भेरू सिंह बापू, विधायक माधव सिंह 'मधु' गेहलोत, जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, गोपाल परमार, जयदीप पटेल, रवि सोलंकी और भैरू सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

जियावन पुलिस की कार्रवाई, घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ा।
Singrauli27 Oct

जियावन पुलिस की कार्रवाई, घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ा।

सिंगरौली :लूट के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल। जियावन पुलिस की कार्रवाई,…

पूरी खबर पढ़ें →
27,, अक्टूबर दिन मंगलवार को नगर निगम में आयोजित होगी महापौर जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 एक बजे तक मिलेगी जन सुनवाई की सुविधा
Katni27 Oct

27,, अक्टूबर दिन मंगलवार को नगर निगम में आयोजित होगी महापौर जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 एक बजे तक मिलेगी जन सुनवाई की सुविधा

कटनी नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार,27 अक्टूबर को नगर निगम कार्यालय…

पूरी खबर पढ़ें →
आगरा में वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, शासन-प्रशासन की व्यवस्थाएं रही शानदार
Agra26 Oct

आगरा में वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, शासन-प्रशासन की व्यवस्थाएं रही शानदार

आगरा, उत्तर प्रदेश* आगरा में वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, शासन-प्रशासन की व्यवस्थाएं रही शानदार *आगरा।*…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!