यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई,, दो वाहन चालकों पर 185 की कार्रवाई

कटनी
शहर की बदहाल और उबड़-खाबड़ सड़कों के बीच सड़क हादसों पर अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों की जीवन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के संदेह में जांच के बाद दो वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि ओवरस्पीडिंग के मामलों में सात चालान काटकर कुल 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक MP 21 ZH 4490 के चालक संदीप कोल (27 वर्ष) तथा MP 21 M 9949 के चालक प्रमोद गाडरी (26 वर्ष), निवासी सलेमाबाद, के विरुद्ध धारा 185 के तहत कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। शहर की कई सड़कों पर उबड़-खाबड़ सतह, गड्ढों और खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात नियमों का पालन जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक सड़कों की स्थिति में सुधार करना भी है। तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती है, वहीं खराब सड़कें भी वाहन चालकों के लिए चुनौती बनती हैं।
ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात नियंत्रण के साथ सड़क सुधार पर भी जिम्मेदार विभागों को ध्यान देने की जरूरत है। यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में एसआई शशि भूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक मंजय कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार अहिरवार और आरक्षक दीपक सिंह शामिल रहे।यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है।
हालांकि, सड़क सुरक्षा के लिए केवल चालानी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। वाहन चालकों की जिम्मेदारी के साथ-साथ बदहाल सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था में सुधार भी जरूरी है, ताकि शहरवासियों का सफर सुचारू रूप से हो सके।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







