आठ महीने से बंद वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन, लाभुकों की बढ़ी परेशानी

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र में वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन का भुगतान पिछले करीब आठ महीने से बंद रहने के कारण लाभुकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा श्री बंशीधर नगर मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क ने झारखंड के राज्यपाल को पत्र लिखकर जल्द पेंशन भुगतान शुरू कराने की मांग की है।
राज्यपाल को अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर के माध्यम से भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन कई जरूरतमंद परिवारों के जीवनयापन का प्रमुख सहारा है। लेकिन करीब आठ महीने से भुगतान नहीं होने के कारण लाभुकों को भोजन, दवा-इलाज और कपड़ों जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेंशन मिलने की उम्मीद में बुजुर्ग और जरूरतमंद लोग लगातार सीएसपी सेंटर, बैंक, डाकघर, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें भुगतान नहीं होने की जानकारी देकर वापस लौटा दिया जा रहा है। इससे लाभुकों में निराशा और नाराजगी बढ़ रही है। वहीं, कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने में उनका समय और पैसा भी बर्बाद हो रहा है।
पेंशन भुगतान जल्द शुरू कराने की मांग
कुमार कनिष्क ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया जाए, ताकि लंबे समय से लंबित पेंशन का भुगतान जल्द शुरू हो सके और जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि पेंशन कोई एहसान नहीं, बल्कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के सम्मानपूर्वक जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में इसका नियमित और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इस मौके पर मुकेश चौबे, शैलेश चौबे, ओमप्रकाश गुप्ता, विकास पांडेय, लक्ष्मण राम, राजीव रंजन पासवान एवं विवेकानंद पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद थे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







