सुरेश सिहाग आगामी पावन पर्व धनतेरस एवं दीपावली के दृष्टिगत रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशानुसार जिलेभर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता एवं कड़े सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं। बाजारों, प्रमुख मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है, ताकि आमजन बिना किसी भय और असुविधा के त्योहारों का उल्लास मना सके।
इसी कड़ी में आज सुरक्षा प्रबंधों को परखने तथा सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से प्रबंधक थाना कोसली इंस्पेक्टर विद्यासागर,चौकी इंचार्ज नाहड़ एसआई अरविंद कुमार व प्रबंधक थाना जाटूसाना पीएसआई प्रिंस ने भारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्र में मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च किया।
व्यापारियों और आमजन से सीधा संवाद:
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और बाजार में खरीदारी करने आए नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने सभी से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा:
सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता: सभी प्रतिष्ठानों के बाहर लगे कैमरों को चालू हालत में रखें और उनका रुख मुख्य मार्ग की ओर रखें।
अतिक्रमण व यातायात: दुकानों के बाहर सामान फैलाकर मार्ग अवरुद्ध न करें, ताकि जाम की स्थिति न बने और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुगम रहे।
सजगता व सतर्कता: बाजार में किसी भी लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध वाहन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी:
त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं की सुरक्षा, जेब तराशी, चेन स्नेचिंग तथा असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पीसीआर और राइडर दस्तों को निरंतर गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक का संदेश व अपील:
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने जिलावासियों से अपील की है कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचें। सुरक्षा से संबंधित किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर या नजदीकी पुलिस थाने में दें; रेवाड़ी पुलिस नागरिकों की सेवा व सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है।