कुदरा में चोरों का आतंक! पेट्रोल पंप मालिक के घर से लाइसेंसी हथियार चोरी

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, रात 2:05 बजे घर में घुसे तीन नकाबपोश चोर; डेढ़ घंटे तक कमरों और अलमारियों को खंगालते रहे अपराधी
कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सकरी पंचायत का है, जहां एनएच-19 स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक पेट्रोल पंप मालिक के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का मुख्य दरवाजा और कमरों का ताला तोड़कर अंदर घुसे तथा अलमारी, गोदरेज और बेड बॉक्स समेत कई सामानों को खंगाल डाला। इस दौरान घर में रखी लाइसेंसी पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां, चेकबुक तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में सकरी निवासी पीड़ित विनय कुमार सिंह ने बताया कि वे 3 नवंबर 2026 को अपने निजी कार्य से शाम करीब तीन बजे वाराणसी के लिए रवाना हुए थे। बुधवार की सुबह उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है और मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल कुदरा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखी लाइसेंसी पिस्तौल, उसकी मैगजीन और गोलियां अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा चेकबुक और कई आवश्यक दस्तावेज भी गायब हैं। वहीं, घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी का वास्तविक आकलन परिवार के सदस्यों के वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा।
सीसीटीवी में कैद हुई डेढ़ घंटे तक चली चोरी की वारदात
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई है। फुटेज के मुताबिक, रात करीब 2 बजकर 5 मिनट पर तीन नकाबपोश चोर घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर दाखिल होकर एक-एक कर सभी कमरों को खंगालना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक तीनों चोर घर के अंदर रहे और इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे।
इस दौरान अपराधियों ने अलमारी, गोदरेज और बेड बॉक्स समेत कई सामानों को तोड़कर खंगाल दिया। घर के कमरों में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। सीसीटीवी फुटेज में तीनों चोरों के चेहरे नकाब से ढके दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, चोरों की गतिविधियों से उनके पेशेवर होने की आशंका जताई जा रही है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की जा रही है।
लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
गौरतलब है कि कुदरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि पूर्व में हुई कई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद होने की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में लालापुर में एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में भी चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
अब पेट्रोल पंप मालिक के घर से लाइसेंसी हथियार और गोलियां चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग की है। खास बात यह है कि चोरी हुए लाइसेंसी हथियार और गोलियों की बरामदगी भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







