18.9 लीटर शराब और देसी राइफल बरामद, पत्नी गिरफ्तार; पति फरार

पति-पत्नी मिलकर घर से बेचते थे शराब, पत्नी गिरफ्तार; पति फरार
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना क्षेत्र के लखमनपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने एक घर से 18.9 लीटर शराब और एक देसी राइफल बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने सोनी देवी (37 वर्ष), पति गया बिंद को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पति गया बिंद फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे गश्ती के दौरान सूचना मिली कि लखमनपुर गांव निवासी गया बिंद और उसकी पत्नी अपने घर से चोरी-छिपे शराब की बिक्री करते हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम रात करीब 10:10 बजे गांव पहुंची और गया बिंद के घर की तलाशी ली। उस समय घर में उसकी पत्नी सोनी देवी मौजूद थी।
तलाशी के दौरान सीढ़ी के बगल वाले कमरे में भूसे के अंदर छिपाकर रखे लाल रंग के प्लास्टिक झोले और बोरे से शराब बरामद की गई। इसमें पीएम स्पेशल ब्लेंड स्कॉच एवं इंडियन ग्रेन व्हिस्की की 180 एमएल वाली 10 बोतलें, कुल 1.8 लीटर अंग्रेजी शराब तथा ग्लोबस स्पिरिट्स राइडर मसाला की 200 एमएल वाली आठ बोतलें, कुल 1.6 लीटर देशी शराब शामिल है। इसके अलावा 31 पारदर्शी प्लास्टिक में रखी करीब 15.5 लीटर चुलाई महुआ शराब भी बरामद हुई। इस प्रकार कुल 18.9 लीटर शराब जब्त की गई।
इसी कमरे में चारपाई पर बिछी सुजनी के नीचे छिपाकर रखी लोहे और लकड़ी से निर्मित एक देसी राइफल भी मिली। पुलिस ने हथियार रखने का लाइसेंस मांगा, लेकिन महिला कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि राइफल उसके पति गया बिंद ने लाकर रखी है। वहीं, शराब के संबंध में उसने बताया कि उसका पति जिगनी पहाड़ी और उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर लाता है तथा वह घर से 200 से 250 रुपये प्रति पीस की दर से बिक्री करती है।
पुलिस ने शराब और देसी राइफल को विधिवत जब्त कर सोनी देवी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है।
इस मामले में गिरफ्तार सोनी देवी के साथ उसके फरार पति गया बिंद के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







